जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र स्थित पथवारी के महानदी डैम में रविवार दोपहर एक युवक डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल के साथ तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार खरखरी गांव निवासी बलराम पिता नरेश चौधरी (24) रविवार की छुट्टी होने पर अपने दोस्तों के साथ महानदी डैम नहाने गया था। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि दोपहर में नहाने के दौरान बलराम का पैर फिसल गया या वह पानी की गहराई का सही अनुमान नहीं लगा सका। देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बलराम को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। स्थानीय ग्रामीणों ने पानी में उतरकर युवक को खोजने की कोशिश की, लेकिन डैम में अधिक गहराई और पानी के बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि युवक की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार खोजबीन कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है और टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। फिलहाल युवक की तलाश की जा रही है।
महानदी डैम में नहाने गया युवक डूबा: तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर टीम, कल फिर चलेगा रेस्क्यू ऑपरेशन


































































































Leave a Reply