अवैध कालोनाइजर पर दर्ज कराएं एफआईआर: नगर निगम आयुक्त ने बैठक में कि समीक्षा, जर्जर भवनों को चिन्हित करने के निर्देश

जनमत हिन्दी। प्रशासन का उद्देश्य सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहकर वास्तविक रूप से आमजन को राहत पहुंचाना है। विभागीय अधिकारी शासकीय योजनाओं और प्राप्त आवेदनों की लगातार समीक्षा कर योजनाओं का लाभ और आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करे। ये निर्देश नगर निगम में आयोजित समय-सीमा की बैठक में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बुधवार को विभाग प्रमुखों को दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त ने जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, मानवाधिकार संबंधी पत्रों की समीक्षा करते हुए सभी का समय-सीमा में निराकरण करने के लिए कहा। नगर निगम की शाखाओं से संबंधित चिन्हित समय सीमा के प्रकरणों की समीक्षा कर शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए। नगर निगम सीमा में चिन्हित अवैध कॉलोनियों के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शेष मामलों में एफआईआर दर्ज करने, नियमित वार्ड भ्रमण कर नई कॉलोनियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही बारिश के आने से से पहले जर्जर भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण, प्रगतिरत और अपूर्ण आवासों की स्थिति की समीक्षा करते हुए किश्तों के वितरण, आरसीसी वसूली, विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। हितग्राहियों को 10 दिवस के भीतर विद्युतीकरण पूरा कराने के लिए एमपीईबी के माध्यम से आवश्यक समन्वय करने को कहा गया। अमृत योजना अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार, हाउस कनेक्शन, एसटीपी सिविल कार्यों की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त श्रमिक और मशीनरी लगाकर कार्यों को तेजी से कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता परीक्षण और टैंकर व्यवस्था की समीक्षा कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक सड़क चौड़ीकरण के बाद ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग में आ रही बाधाओं को लेकर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित कर कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। नगर की प्रमुख नदियों के सीमांकन और जल स्रोतों के आसपास अतिक्रमण हटाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनसहभागिता बढ़ाने और नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। निगमायुक्त ने पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना, संबल योजना, ई-केवाईसी प्रकरणों के निराकरण, कर्मचारी समस्या निवारण शिविर आयोजन, आगामी वर्षा ऋतु हेतु पौधारोपण की तैयारी, ट्रांसपोर्ट नगर में निष्क्रिय आवंटनों की निरस्तीकरण प्रक्रिया, प्रेमनगर में निर्मित दुकानों की नीलामी, डेयरी संचालकों पर कार्रवाई, फिश पार्लर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, सहित उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *