कटनी में बेखौफ अपराधी: रूपए नहीं देने पर ट्रासंपोर्ट कारोबारी को मारी चाकू, बढ़ती चाकूबाजी से शहर में दहशत

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रा नगर के पास सोमवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने डीलक्स ट्रांसपोर्ट के संचालक दीपक द्विवेदी पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अपने खेत से घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार दीपक द्विवेदी अपनी मोटरसाइकिल से खेत से वापस घर की ओर जा रहे थे। शाम करीब सवा 6 बजे इंद्रा नगर के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और रुपयों की मांग करने लगे। जब दीपक ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उन पर पीछे से हमला कर दिया। बदमाशों ने उनकी पीठ पर चाकू से कई वार किए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। हमले में बुरी तरह घायल और लहुलुहान होने के बावजूद दीपक द्विवेदी ने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही एमजीएम हॉस्पिटल पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सूचना मिलने के बाद पुलिस बल भी मौके पर पहुँचा। कुठला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हुलिए के आधार पर अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की वारदात से दहशत का महौल है, बदमाश लगातार चाकूबाजी कर रहे हैं। बदमाशों के अंदर से पुलिस का खौफ नही है, यही वजह है कि अपराधिक प्रवत्ति के लोग लगातार चाकू बाजी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस सख्त कार्रवाई करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *