छात्रावास को दिए इंडेक्शन चूल्हे: महिला कांग्रेस का आरोप, केन्द्र सरकार की गलत विदेश नीति से पैदा हुआ गैस सिलेंडर

जनमत हिन्दी। देश भर में गहराते रसोई और कामर्शियल गैस संकट के बीच मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के आह्वान पर कटनी जिले की महिला कांग्रेस नेत्री सौम्या रांधेलिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शासकीय अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास पहुंचकर छात्राओं को इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हे भेंट किए। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ने केंद्र सरकार की विदेश नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों का खामियाजा आज आम जनता और छात्र झेल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने पहले गैस की कमी नहीं होने का दावा किया, लेकिन अब सदन में कोरोना जैसी बड़ी लड़ाई के लिए तैयार रहने की बात कह रहे हैं। देश में व्याप्त इस संकट के लिए सिर्फ भाजपा सरकार जिम्मेदार है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रांधेलिया ने कहा कि गैस की भारी किल्लत के कारण महिलाओं को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और सिलेंडरों की कालाबाजारी चरम पर है। संवेदनहीनता के कारण आज फिर से महिलाओं को धुएं वाले चूल्हों की ओर लौटना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्रावास की छात्राओं को भोजन बनाने में आ रही परेशानी को देखते हुए यह इंडक्शन भेंट किए गए हैं।  छात्राओं ने इस मदद के लिए महिला कांग्रेस का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सूर्यकांत कुशवाहा, शुभम मिश्रा, अजय खटिक, शशांक गुप्ता, मीनाक्षी बलवी, नीरा सोनी, रश्मि अग्रवाल, मनीषा सोलंकी, मुमताज बानो सहित काफी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रही। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *