जनमत हिन्दी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लक्ष्य के साथ सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत की जानकारी लेने के लिए नगर निगम आयुक्त ने सोमवार सुबह शहर की सड़कों का निरीक्षण किया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में उत्कृष्ट रैंकिंग हासिल करने के उद्देश्य से निगमायुक्त तपस्या परिहार स्वयं सड़कों पर उतरकर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। नगर निगम आयुक्त ने बिलैया तलैया सब्जी मंडी, गोल बाजार, सुभाष चौक सहित नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों और मुख्य मार्गों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, हाजिरी प्रक्रिया, निर्धारित ड्रेस में कार्य करने की व्यवस्था की भी जानकारी ली और सभी कर्मचारियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान बिलैया तलैया सब्जी मंडी और गोल बाजार क्षेत्र की सड़कों में पैदल भ्रमण करते हुए सफाई व्यवस्था को देखा। अपेक्षा के अनुसार साफ-सफाई नहीं होने पर नगर निगम आयुक्त ने क्षेत्र के संबंधित वार्ड दरोगा पर नाराजगी जताई। उन्होने स्वास्थ्य अधिकारी को वार्ड दरोगा निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट तौर पर कहा कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षकों और वार्ड दरोगाओं को से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सुबह-शाम भ्रमण कर सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों को चिन्हित करें और उन पर जुर्माना की कार्रवाई करें। बाजार क्षेत्रों में सुगम और सुरक्षित आवागमन बनाए रखने के लिए निगमायुक्त ने हाका गैंग के माध्यम से घुमंतू मवेशियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर सफाई व्यवस्था के संबंध में उनकी राय और सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि दुकानों निकलने वाले कचरे को इधर-उधर नहीं फैंके, बल्कि नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन को ही दें। साथ ही सब्जी मंडी के व्यवसायियों को भी निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने की समझाइश दी। निगमायुक्त ने नागरिकों को स्वच्छता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित कर टोल फ्री नंबर भी जारी किए जाने की जानकारी भी दी गई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, प्रभारी हेड दरोगा तेजभान सिंह, अतुल गुप्ता सहित संबंधित क्षेत्रीय वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी: सड़कों पर उतरीं निगमायुक्त, सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण










Leave a Reply