जनमत हिन्दी। कटनी जिले बड़वारा थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे 43 पर जगतपुर उमरिया के पास सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक कार और बाइक में आमने-सामने भिडं़त हो गई। हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के के बाद हाइवे में करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेस के माध्यम से बड़वारा अस्पताल भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र निवासी रामकिशोर सिंह (26), रामदास सिंह (18) और इंद्रभान सिंह (25) महाराष्ट्र में मजदूरी का कार्य करने के लिए गए थे। जहां से तीनों सोमवार को अपने घर लौट रहे थे। तीनों को गांव तक लाने के लिए मानपुर थाना क्षेत्र निवासी धीरेन्द्र सिंह (18) बाइक से कटनी स्टेशन आया था। जिसके बाद चारों बाइक में सवार होकर गांव जा रहे थे, इसी दौरान नेशनल हाइवे 43 में जगतपुर उमरिया के पास उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। जिसके कारण बाइक चारों युवक रामकिशोर, धीरेन्द्र सिंह, रामदास सिंह और इंद्रभान सिंह की मौत हो गई। वहीं कार में सवार राजगढ़ निवासी संपत बाई, सोनू पिता अमर सिंह (22), मदन लाल सिंगा (62), कैलाश पिता रमेश तेवर (25) और प्रेम सिंह पिता वंशीलाल (36) को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक इलाज करने के बाद सभी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कार सवार सभी लोग राजगढ़ से अनूपपुर जिले में अपने रिश्तेदारों के यहां गए थे और वहीं से लौट रहे थे। इस बीच यह हादसा हो गया। जिसमें बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई और कार सवार पांच लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की विवेचना शुरू कर दी गई है। जिला अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है।
कटनी में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में चार युवकों की मौत, पांच घायल










Leave a Reply