त्योहारों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था: होली, धुरेड़ी पर सख्त निगरानी, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, ड्रोन कैमरों से रखी जाएगी नजर

जनमत हिन्दी। कटनी में होली, धुरेड़ी, रंगपंचमी और रमजान त्यौहार के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था, साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की ऑनलाइन बैठक लेकर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में शांति समिति बैठकों के आयोजन, पुलिस बल की ब्रीफिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, फ्लैग मार्च निकालने, सीसीटीवी ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र के सुभाष चौक, बरही नाका, खिरहनी फाटक जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से त्यौहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए कहा गया। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा सहित जिला मुख्यालय के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। इसी प्रकार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। होलीका दहन ओर धुरेड़ी के अवसर पर थाना कोतवाली परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग ली गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने, सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। ड्राय डे मद्देनजर अवैध शराब के विक्रय को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी टीआई होटल, लॉज, ढाबों की जांच करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *