जनमत हिन्दी। कटनी जिले में आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने, अपराधों की रोकथाम करने, सुरक्षा, कानून सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा गांव-गांव चौपाल लगा रही है। चौपालों के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन, नशामुक्ति, महिला, बाल सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे लगवाने, व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से तत्काल सूचना देने के संबंध में जानकारी दी जा रही है। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं, बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के संबंध में भी समझाइश दी गई। चौपाल में उपस्थित सभी ग्रामीणों को बताया गया कि बालक-बालिकाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, डायल-112 और आपातकालीन सेवाओं का सही उपयोग करें। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और वाहन संबंधी सभी दस्तावेज साथ रखने के लिए समझाइश दी गई। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया कि अज्ञात कॉल, मैसेज पर बैंक ओटीपी संबंधी जानकारी साझा नहीं करें। लॉटरी या ईनाम के नाम पर आने वाले कॉल, मैसेज पर किसी भी प्रकार का लेन-देन नहीं करें। इसके अलावा सभी ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, नशे और नशीली वस्तुओं के दुष्प्रभावों के संबंध में बताया गया। सर्पदंश की स्थिति में तांत्रिक विधाओं में नहीं उलझकर तत्कल पीड़ित को अस्पताल ले जाने की समझाइश दी गई।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और पुलिस का सहयोग करने की बात कही गइ। गांव में चौपालों का आयोजन एसपी विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी और एसडीओपी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
गांव-गांव पुलिस चौपाल: सुरक्षा, कानून व्यवस्था के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक, लालच से बचने, ओटीपी साझा नहीं करने का संदेश












Leave a Reply