अवैध कॉलोनाइजर पर दर्ज करें एफआईआर: आयुक्त ने दिए निर्देश, उपयंत्री लगातार करें निगरानी

जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने सोमवार को आयोजित की गई समय-सीमा बैठक के दौरान विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों और शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं में लापरवाही और नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार्य नहीं की जाएगी। निगमायुक्त द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर दल प्रभारियों को अभियान में रूचि लेकर डोर टू डोर नागरिकों से संपर्क कर आवेदनों प्राप्त करने में गति लाने, पीएम स्वनिधि योजना सहित निगम के माध्यम से संचालित अन्य शासकीय योजनाओं के आवेदन लेकर पात्र नागरिकों को लाभान्वित करने कार्रवाई के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि नागरिकों को रोजाना शुद्ध पेयजल की आपूर्ति किए जाने के जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। निगमायुक्त ने जल सैंपलिंग कराने के लिए वार्डो से पानी के नमूने संग्रहित करने के लिए कहा। साथ ही पेयजल स्त्रोतों की निर्धारित अवधि से साफ-सफाई कराने, प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने, तालाब, कुओं और अन्य जल स्रोतों के आसपास के अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। निगमायुक्त द्वारा नगर की अवैध कॉलोनियों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि अब तक 9 कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिस पर निगमायुक्त द्वारा प्रत्येक उपयंत्री को वार्डो की लगातार निगरानी करने और तथा अवैध कॉलोनाइजर के अन्य शेष प्रकरणों पर भी नियमानुसार एफआईआर की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पिछले महीने आयोजित कर्मचारी समस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। फरवरी माह में आयोजित शिविर के पहले शेष प्रकरणों का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जनसुरक्षा के मद्देनजर फायर एनओसी सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं करने वालों को नोटिस जारी करने, फायर सेफ्टी के लिए नगर के घने स्थलों का चयन कर प्रति सप्ताह मॉक ड्रिल करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। निगमायुक्त ने बैठक के दौरान आईएचएसडीपी योजना के भवन आवंटन के लंबित प्रकरणों पर जल्द कार्रवाई करने सहित प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ई- आफिस, ई-नगर पालिका, फिश पार्लर, नगर की सफाई व्यवस्था, डेयरी विस्थापन कार्रवाई की प्रगति, जलकर वसूली, राजस्व वूसली, न्यायालयीन प्रकरणों, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और कार्रवाई की जाए। बैठक में सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव अश्विनी पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *