कलेक्टर ने छात्रों के साथ किया मध्यान्ह भोजन: कटनी के पिपरौंध माध्यमिक शाला पहुंचे कलेक्टर, छात्रों को मन लगाकर पढ़ाई करने की दी सीख

जनमत हिन्दी। कटनी में गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय माध्यमिक शाला पिपरौंध पहुंचकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने छात्रों का हौसला बढ़ाया और छात्रों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन विशेष भोज में शामिल हुए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय माध्यमिक शाला पिपरौंध में आयोजित मध्यान्ह भोज में पहुंचे कलेक्टर का छात्रों द्वारा पुष्पवर्षा और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ, निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार ने बच्चों के साथ पंगत में बैठकर स्वादिष्ट भोजन किया। भोजन में छात्रों की पसंद की चावल की खीर, पुलाव, कढ़ी, पूड़ी, मटर-पनीर की सब्जी, आलू-गोभी की सूखी सब्जी, दाल, अचार, पापड़ और सलाद और बूंदी का लड्डू परोसा गया। परोसे गए सुस्वाद व्यंजनों के जायके का छात्रों सहित अतिथियों ने भी लुत्फ उठाया। इस दौरान कलेक्टर ने छात्रों को खूब मन लगाकर अच्छे से पढ़ाई करने, अपने माता-पिता और गुरूजनों का सम्मान करने की सीख देते हुए शिक्षकों को भी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, तहसीलदार ग्रामीण अजीत तिवारी, जनपद सीईओ कटनी प्रदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, तहसीलदार अतुलेश सिंह, छात्रावास स्टाफ सहित छात्राओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *