कटनी में गुंडागर्दी: चार युवकों ने किया चाकू से हमला, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत बस स्टैंड क्षेत्र में शनिवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। इंडिया होटल के पास बाइक सवार युवकों के बीच साइड लेने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे इंडिया होटल के पास सड़क पर वाहनों को साइड देने और कट मारने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष के 3 से 4 युवकों ने आशीष पटेल नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्र ने तत्परता दिखाते हुए घायल आशीष को अपने वाहन से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और बस स्टैंड चौकी पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *