एमपी में टॉप फाइव में कटनी: सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में हासिल की उपलब्धि, पुलिस जिला पंचायत, नगर निगम को भी मिला ग्रेड

जनमत हिन्दी। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में प्रदेश के 28 जिलों के प्रथम समूह में एक बार फिर कटनी टॉप 5 जिलों में शामिल हो गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के नियमित अनुश्रवण और पर्यवेक्षण की वजह से जिले ने प्रथम समूह के 28 जिलों में पांचवां स्थान अर्जित किया है। राज्य शासन द्वारा मंगलवार को प्रदेश के जिलों की सीएम हेल्पलाइन के शिकायतों के निराकरण के आधार पर समीक्षा कर बीते माह दिसंबर के आधार पर जारी की गई ग्रेडिंग में कटनी जिले ने 82.83 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल कर पांचवां स्थान अर्जित किया है। कटनी जिला प्रथम समूह के 28 जिलों में पांचवें स्थान पर है। कलेक्टर ने विभागों के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में और अधिक संवेदनशीलता के साथ परिणामोन्मुखी प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। जिले में बीते दिसंबर माह में प्राप्त कुल 8 हजार 888 शिकायतों में से 82.83 वेटेज स्कोर के साथ जिले ने ए ग्रेड हासिल कर 49.34 वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया। उल्लेखनीय है कि सीएम हेल्पलाइन की लगातार समीक्षा के परिणामस्वरूप कटनी जिला पिछले 18 माहों से लगातार प्रदेश के 5 अग्रणी जिलों में शामिल है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने जिला प्रशासन के विभागों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी जोश और जज्बे के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन प्रशासन में शुचिता, पारदर्शिता तथा सुशासन का बेहतर माध्यम होने के साथ ही आमजन की समस्याओं के निराकरण का भी अच्छा माध्यम है। सीएम हेल्पलाइन की संतुष्टिपूर्ण शिकायतों के निपटारे के मामले में कटनी जिले के पुलिस विभाग को सातवां स्थान मिला है। पुलिस विभाग ने दिसंबर माह में 836 शिकायतों में से 52.39 वेटेज स्कोर के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर ए ग्रेड हासिल किया। जबकि सीएम हेल्पलाइन की संतुष्टिपूर्ण शिकायतों के निपटारे के मामले में जिला पंचायत को आठवां स्थान मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *