कटनी में दो हजार बदमाशों की सूची बनी: कानून व्यवस्था बनाए रखने होगी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, बढ़ेगी बाउंड ओवर की राशि

जनमत हिन्दी। कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने जिले में शांति, बेहतर कानून व्यवस्था के नजरिये से राजस्व अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय, टीम वर्क के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहेरिया भी मौजूद रहे। राजस्व, पुलिस अधिकारियों की कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अनुविभाग स्तर, पुलिस थाना स्तर पर राजस्व अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। इसके लिए समय-समय पर संवाद करते रहें। साथ ही अपराधियों से संबंधित जानकारियों का भी आपस में आदान-प्रदान करते रहें, जनहित से जुड़े विषयों, आमजन की समस्याओं के निराकरण में सहभागी बनें। कलेक्टर ने दो-टूक लहजे में कहा कि किसी भी स्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों का चिन्हांकन कर नियमानुसार उनके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों में अंतिम बाउंडओवर, फाइनल बाउंडओवर की सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक विश्वकर्मा ने अवगत कराया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, अन्य कानूनी धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों के लिए करीब 2 हजार आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की सूची बनाई गई है। जिनके विरुद्ध जुआ, सट्टा, आबकारी एक्ट सहित अन्य मामले प्रचलित हैं।
इन सभी के विरुद्ध पैनी नजर रखते हुए कड़ी कार्रवाई किया जाना है। इसके लिए टीआई, एसडीएम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आपस में संवाद कर नियमानुसार समुचित कार्रवाई करें। पुलिस अधीक्षक ने बैठक में बाउंडओवर की राशि बढ़ाने, संबंधितों से फिक्स्ड डिपॉजिट दस्तावेज लेने की बात कही। कलेक्टर, एसपी ने स्वास्थ्य विभाग के विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन एमएलसी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट इंट्री करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी मौजूद रहे। जबकि तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड चिकित्सा अधिकारी वर्चुअली जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *