जनमत हिन्दी। कटनी जिले के माधवनगर थाना अंतर्गत में एक सीमेंट कारोबारी से धोखाधड़ी करने की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि माधवनगर थाना अंतर्गत बंगला लाइन निवासी कृष्ण किशोर कटारिया ने शिकायत की थी कि वे करण ट्रेडर्स के नाम से हार्डवेयर और बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय करते हैं। 31 अक्टूबर 2025 को राजेश दुबे उर्फ रितेश नामक व्यक्ति उनके प्रतिष्ठान पर पहुंचा। उसने स्वयं को सरकारी ठेकेदार बताया। आरोपी ने विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए काफी मात्रा में सीमेंट की जरूरत बताई और भरोसा दिलाने के लिए अपनी चेकबुक दिखाते हुए करोड़ों के कारोबार का दावा किया। उसकी बातों में आकर व्यापारी ने 290 रुपए प्रति बोरी की दर से 1 लाख 45 हजार रुपए मूल्य की 500 बोरी सीमेंट ट्रक से कौड़िया गांव भेज दी। जब सीमेंट से भरा ट्रक कौड़िया पहुंचा तो आरोपी ने जगह की कमी का बहाना बनाकर ट्रक को विशाल कुशवाहा के घर के सामने खड़ा करवा दिया। आरोपी ने रात में ट्रक खाली करवा लिया, ड्राइवर को 1000 रुपए देकर वापस भेज दिया और पूरी सीमेंट विशाल कुशवाहा को बेच दी। 8 नवंबर को जब व्यापारी अपने भाई के साथ भुगतान लेने कौड़िया पहुंचा तब उसे ठगी का पता चला। पूछताछ में सामने आया कि सीमेंट पहले ही बेच दी गई है। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राजेश दुबे ने पहले भी इसी तरह कई लोगों से ठगी की वारदात की है। पुलिस ने इस मामले में राजेश दुबे और विशाल कुशवाहा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस सीमेंट की बिक्री, ट्रक के मूवमेंट और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। फिलहाल आरोपियों के संबंध में पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। आरोपियों गिरफ्तारी के बाद मामले का खुलासा होगा
कटनी में सरकारी ठेकेदार बनकर धोखाधड़ी: सीमेंट कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश शुरू












Leave a Reply