जनमत हिन्दी। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभियन विश्वकर्मा ने वर्ष 2026 के लिए जिला पुलिस के लक्ष्य तय करते हुए समयबद्ध और परिणाममुखी कार्यप्रणाली पर जोर दिया। आधुनिक और तकनीक आधारित पुलिसिंग, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, विवेचना की गुणवत्ता सुधार, जनजागरूकता और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों और अधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों में कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध फुल फोर्स ऑफ लॉ की नीति अपनाई जाए। थाना प्रभारी से लेकर बीट प्रभारी, आरक्षक स्तर तक प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जवाबदारी और लक्ष्य स्वयं तय कर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। विवेचना की गुणवत्ता में सुधार के लिए विवेचकों को तकनीकी और मैदानी रूप से अधिक दक्ष बनने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पुलिस चौपाल आयोजित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता, सायबर अपराध के प्रति जागरूकता, सड़क सुरक्षा, हेलमेट के अनिवार्यता जैसे विषयों पर आमजन को जागरूक करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही संपत्ति संबंधी अपराधों पर विशेष फोकस कर जिम्मेदार और संवेदनशील पुलिसिंग करने के निर्देश दिए गए। नव वर्ष के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, प्रभावी गश्त, असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा 2025 में विभिन्न मापदंडों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सडक सुरक्षा के तहत् नशे में वाहन चलाने वालों चालकों को खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सबसे अधिक कार्रवाई करने पर शहरी क्षेत्र में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राखी पांडेय और देहात क्षेत्र में बडवारा थाना प्रभारी केके पटेल को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी में अच्छा कार्य करने पर थाना प्रभारी रीठी शाहिद खान को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के मामले में ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिला संबंधी अपराधों में 60 दिन के अंदर सर्वाधिक प्रकरणों में विवेचना पूरी करने पर माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कटनी में लागू होगी ‘फुल फोर्स ऑफ लॉ’ की नीति: थाना से बीट स्तर तक पुलिस कि जवाबदेही तय, बेहतर प्रदर्शन पर थाना प्रभारियों का सम्मान












Leave a Reply