जनमत हिन्दी। नगर निगम में कार्यरत वर्तमान कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए नगर निगम आयुक्त आईएएस तपस्या परिहार की पहल पर नगर निगम के एमआईसी कक्ष में आयोजित कर्मचारी समस्या निवारण शिविर में सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरार नगर निगम के वर्तमान और सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं संबंधी आवेदन दिए। शिविर के दौरान निगमायुक्त ने कर्मचारियों से आवेदन लिए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निराकरण के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। शिविर में पहुंचे विद्युत शाखा के राज कुमार राजभर और फायर ब्रिगेड विभाग के कर्मचारी दिलराज सिंह के आवेदनों पर सुनवाई के बाद निगमायुक्त द्वारा आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई करने के लिए लेखापाल श्रीकांत तिवारी को निर्देशित किया गया। जबकि स्थाई कर्मी महेश कुमार चौबे द्वारा नियमितीकरण किए जाने संबंधी आवेदन पर सुनवाई के बाद स्थापना प्रभारी को प्रकरण पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश निगमायुक्त ने दिए। वहीं एरियर भुगतान, पेंशन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि, पारिवारिक पेंशन, विधि विभाग और अन्य सेवा संबंधी विषयों से संबंधित आवेदनों पर सुनवाई के बाद विभागीय अधिकारियों को भेज कर आगामी माह आयोजित होने वाले शिविर के पूर्व प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई कर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपायुक्त शैलेष गुप्ता भी मौजूद रहे। शिविर के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के लगभग 70 आवेदन प्राप्त हुए। कर्मचारियों की समस्याओं का पारदर्शी, सरल और संवेदनशील समाधान करने के उद्देश्य निगमायुक्त द्वारा ऐसे शिविरों का आयोजन नियमित रूप से प्रतिमाह करने के निर्देश दिए गए है। जिससे नगर निगम के वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़े।
अब नहीं लगाना पड़ेगा नगर निगम का चक्कर: पेंशन, एरियर, ग्रेच्युटी की शिकायतों का होगा निराकरण, हर माह लगेंगे शिविर












Leave a Reply