अस्पताल के सामने मेला लगाने का विरोध: सड़क पर पार्किंग से लगेगा जाम, प्रभावित होगा आवागमन, शोर से मरीजों को परेशानी

जनमत हिन्दी। जिला अस्पताल के सामने अंजुमन इस्लामिया स्कूल के मैदान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मेले और प्रदर्शनी को लेकर इस बार स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों ने विरोध शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने एसडीएम को पत्र सौंपकर इस मेले के आयोजन पर रोक लगाने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने मेले के आयोजन से होने वाली गंभीर समस्याओं के संबंध में जानकारी दी। पत्र में कहा गया है कि मेला लगने से अस्पताल और मरीजों दोनों को परेशानी होती है। स्कूल का मैदान जिला अस्पताल परिसर के सामने स्थित है। प्रदर्शनी के शोर और भीड़ के कारण अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों को भारी असुविधा होती है। नियमों के अनुसार अस्पताल और शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे को साइलेंस जोन घोषित किया जाना चाहिए, जबकि यहां स्कूल अस्पताल से मात्र 20 मीटर की दूरी पर है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि मेला लगाए जाने से आवागमन की गंभीर समस्या हो जाती है, पार्किंग नहीं होने के कारण वाहन सड़क पर ही खड़े होते हैं जिसके कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। पिछले वर्षों का हवाला देते हुए बताया गया कि यहां भारी भीड़ के कारण एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती है। इसके अलावा, कटनी मुड़वारा स्टेशन के करीब होने के कारण इस मार्ग पर यात्री दबाव भी अत्याधिक रहता है। जाम लगने के कारण यात्रियों की टे्रन भी छूट जाती हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि स्कूल परिसर का क्षेत्रफल छोटा है और वहां लगाए जाने वाले झूलों के बीच पर्याप्त दूरी नहीं रखी जाती। इससे पूर्व में भी छोटी-बड़े हादसे वहां पर हुए हैं। सड़क पर अवैध पार्किंग और अव्यवस्था के कारण स्थानीय दुकानदारों का व्यापार प्रभावित होता है। शिकायत में लोक शिक्षण संचालनालय के उन पत्रों का भी उल्लेख किया गया है, जिसके तहत शिक्षण संस्थानों में ऐसे आयोजनों की अनुमति पूरी तरह प्रतिबंधित है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए मेले की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *