ग्रामीणों ने किया चक्काजाम: जर्जर सड़क की सुधार की मांग, रोड नहीं तो वोट नहीं के लगे नारे

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बड़वारा क्षेत्र के देवरी-हटाई-बछौली मार्ग की हालत बेहद खराब है। जर्जर सड़क से परेशान हो रहे ग्रामीणों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में ग्रामीणों के अलावा स्कूल के छात्र-छात्राओं भी शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन के दौरान चक्काजाम कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण की मांग करते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में स्कूली और कॉलेज के छात्र शामिल थे। छात्रों ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण हर समय हादसों की आशंका बनी रहती है। छात्रों का कहना है कि बारिश में सड़क कीचड़ और गड्ढों से भर जाती है, जिससे स्कूल जाने में बेहद परेशानी होती है। कीचड़ और गड्ढों के कारण उन्हें कॉलेज और स्कूल पहुंचने में अधिक समय लगता है। ग्रामीणों ने बताया कि देवरी-हटाई-बछौली मार्ग काफी समय से जर्जर हालत में है। ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क निर्माण के लिए कई बार मांग की है, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं और प्रशासन होश में आओ के नारे लगाए। उन्होंने सड़क बनाए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *