कटनी को मिलेगी आधुनिक शिक्षा की सौगात: महापौर ने किया ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण, केसीएस स्कूल में बन रही अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी

जनमत हिन्दी। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने केसीएस स्कूल परिसर में जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की प्रगति को देखा और अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें। महापौर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है और यह ई-लाइब्रेरी इसी दिशा में एक सशक्त कदम है। महापौर ने बताया कि ई-लाइब्रेरी भवन पूरी तरह फायर सेफ्टी सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित रहेगा और इसे ईको-फ्रेंडली स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। यहां डिजिटल तकनीक के माध्यम से अधिक संख्या में ई-बुक्स एवं ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जुड़ सकेंगे। डिजिटल युग में पुस्तकालयों की भूमिका सिर्फ पुस्तकों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि अब वे नवाचार, रिसर्च और आत्म विकास के केंद्र बन गए हैं। यह ई-लाइब्रेरी युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, अध्ययनशील वातावरण उपलब्ध कराने और उनके भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होगी। निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, रमेश सोनी सहित अन्य की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *