जनमत हिन्दी। बरही वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदी कला में मंगलवार सुबह झाड़ियों के पीछे एक भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में तीन ग्रामीण बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। तीनों को पहले बरही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां तीनों का इलाज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार करौंदी कला गांव निवासी सरमन यादव, भोली यादव और सुरेश पटेल प्रतिदनि की तरह सुबह गांव के पास स्थित तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में पहले से मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन भालू ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो भालू जंगल की ओर भाग गया। हमले की सूचना मिलते ही बरही वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बरही अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद तीनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बरही रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बताया कि वन विभाग की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। भालू के हमले के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का महौल है। ग्रामीण खेतों और जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से कहा है कि वे सावधान रहें। अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में नहीं जाएं।
कटनी जिले में भालू ने किया हमला: तीन ग्रामीण हुए जख्मी, क्षेत्र में दहशत












Leave a Reply