जनमत हिन्दी। कटनी के माधवनगर थाना अंतर्गत माधवनगर गेट के सामने जीवन ज्योति हॉस्पिटल के पास स्थिति बैंक ऑफ महाराष्ट्र के 11 लाख 35 हजार रूपए से भरे एटीएम चोरी होने के मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद पुलिस के पास ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं है जिसके आधार पर चोरों को पकड़ा जा सके। सीसीटीवी फुटेज को देखने के आधार पर लाखों रूपए से भरे एटीएम मशीन चोरी की वारदात को महज 15 मिनट के अंदर अंजाम दिया गया है। पुलिस को चकमा देकर चोर शहर से फरार हो गए। चोरी की इस वारदात ने पुलिस की प्रभावी रात्रिगश्त व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। पुलिस कार्रवाई सांप निकलने के बाद लकीर पीटने जैसी नजर आ रही है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जांच की जा रही है। चोरों को पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि एटीएम मशीन चोरी करने वाली यह गैंग उत्तर प्रदेश या हरियाणा की हो सकती है। पुलिस चोरों की पहचान करने का प्रयास लगातार कर रही है। पुलिस ने बताया कि चोरों ने पांच दिसंबर की रात कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना नाका स्थित रांधेलिया पेट्रोल पंप से घंटाघर निवासी नितिन रोहरा का एक लोडर वाहन चोरी किया था। इसी लोडर वाहन का उपयोग माधवनगर थाना क्षेत्र के जीवन ज्योति अस्पताल के पास स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम मशीन को चोरी कर ले जाने के लिए किया गया है।
वारदात के बाद से पुलिस टीम पूरे शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अब तक ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, जिसके आधार पर चोरों को पकड़ा जा सके। टोल नाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज में चोरों की आवाजाही के साक्ष्य सामने नहीं आए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। माधवनगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई एटीएम मशीन चोरी की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी में लापरवाही के कारण ही बैखोफ बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने में सफलता हासिल की है। लगभग 11 लाख 35 हजार रूपए से भरी एटीएम मशीन चोरी की वारदात के मामले में पुलिस का कहना है कि चोरों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। चोरों के संबंध में कुछ अहम सुराग मिले हैं जिसके आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही एटीएम मशीन को चोरी करने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही रात्रिगश्त व्यवस्था में लापरवाही करने वालों की जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम लगातार इस मामले में आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाने में लगी हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के अलावा और सायबर सेल की मदद भी ली जा रही है। जल्द ही पुलिस टीमों को जिले से बाहर भी भेजा जाएगा। पुलिस को संदेह है कि एटीएम मशीन चोरी की इस वारदात में उत्तरप्रदेश और हरियाणा की गैंग हो सकता है। लिहाजा जल्द ही पुलिस टीमों को दोनों राज्य में भेजा जाएगा। पुलिस टीम टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज देख रही है। बतादें कि 5-6 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की एटीएम मशीन को चोरी कर लिया था। एटीएम मशीन में लगभग 11 लाख 35 हजार रूपए रखे हुए थे।
प्लानिंग परफेक्ट…निगरानी फेल: लोडर चोरी कर आए, एटीएम लेकर चले गए बदमाश












Leave a Reply