जनमत हिन्दी। कटनी नगर के गुरुनानक वार्ड अंतर्गत सब्जी मंडी क्षेत्र में लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए लगभग 19 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से सड़क डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन शनिवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, क्षेत्रीय पार्षद प्रियंका बिट्टू, अन्य एमआईसी सदस्यों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुरुनानक वार्ड की इस सड़क के निर्माण से सब्जी मंडी आने वाले नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। वहीं क्षेत्रीय पार्षद प्रियंका बिट्टू ने बताया कि वार्डवासियों की मांग पर इस सड़क डामरीकरण कार्य को स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी क्षेत्र में प्रतिदिन काफी संख्या में लोग आते हैं, ऐसे में सड़क का निर्माण होने से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी। यह डामरीकरण कार्य झूलेलाल मंदिर मार्ग, सब्जी मंडी रोड पर कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम, सुरक्षित हो सकेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने क्षेत्रीय पार्षद प्रियंका बिट्टू के साथ सब्जी मंडी का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों से चर्चा कर सभी को व्यवस्थित रूप से दुकाने लगाने के लिए कहा, ताकि मंडी क्षेत्र में स्वच्छता और आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनी रहे। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य डॉ रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुभाष साहू, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद अधिवक्ता मौसूफ अहमद, अवकाश जायसवाल, ओमप्रकाश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
आसान होगा सब्जी मंडी का सफर: महापौर प्रीति सूरी ने किया भूमिपूजन, बेहतर आवागमन का रास्ता साफ










Leave a Reply