जनमत हिन्दी। जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बमहनगवां सरकारी स्कूल के जर्जर शौचालय की दीवार ढहने से कक्षा पांचवीं के 11 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की दर्दनाक मौत ने शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही बरतने के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है, जबकि शिक्षा विभाग ने जांच टीम गठित कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हादसे ने सरकारी स्कूलों की बदहाल भवनों स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है। मृतक के चाचा सत्यम ने बताया कि उनका भतीजा राजकुमार बर्मन रोज की तरह आज भी स्कूल गया था। इसी दौरान वह विद्यालय परिसर में बने शौचालय का उपयोग करने गया, तभी जर्जर हो चुकी बाथरूम की दीवार उसके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर उसकी नौ वर्षीय बहन मौके पर पहुंची और मलबे में दबे अपने भाई को निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद उसने घटना की जानकारी शिक्षकों और अपने परिजन को दी। सूचना मिलते ही शिक्षक और परिजन मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर छात्र को बाहर निकाला। घटना की जानकारी एम्बुलेंस को दी थी, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद 500 रुपए में ऑटो रिक्शा बुक करके वे उसे विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन मोहित बर्मन और सत्यम बर्मन सहित अन्य लोगों का आरोप है कि विद्यालय के खंडहर हो हुए शौचालय और भवनों के सुधार कार्य के लिए कई बार शिक्षकों को मौखिक रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। इसी लापरवाही का खामियाजा आज छात्र राजकुमार को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि ने बताया कि घटना के बाद हमने एक टीम गठित कर दी है और हादसे के हर पहलू की जांच कराई जा रही है। ग्रामीणों ने शिकायत किसे दी थी और इस मामले में लापरवाही क्यों बरती गई, इसकी भी जांच हो रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने मृतक छात्र के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कटनी के सरकारी स्कूल में दर्दनाक हादसा: जर्जर शौचालय की दीवार गिरने से पांचवीं के छात्र की मौत, सिस्टम की लापरवाही उजागर












Leave a Reply