जनमत हिन्दी। कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन में ट्रेन छूटने के बाद रास्ता भटकी एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी पुलिस पकड़ से दूर है, जिसकी तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम में गुरूवार को इस घटना का खुलासा करते हुए कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि 14 जून 2026 की है। पीड़िता अपने बच्चों के साथ हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस में सवार हुई थी। रात लगभग 9 बजकर 45 मिनट पर जब ट्रेन कटनी के मुड़वारा स्टेशन पर रुकी, तो महिला पानी लेने के लिए नीचे उतरी। इसी दौरान ट्रेन छूट गई और वह स्टेशन पर अकेली रह गई। स्टेशन के बाहर भटक रही महिला को एक अज्ञात व्यक्ति ने देखा। उसने महिला को मंदिर दर्शन कराने का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर ई-रिक्शा में बैठा लिया। आरोपी उसे रीठी रोड स्थित पीसरा स्टेशन के पास जंगल में ले गया। वहां ऑटो चालक और उसके एक साथी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। 15 जून की सुबह डायल 112 पर सूचना मिलने पर रीठी पुलिस मौके पर पहुंची। महिला सड़क किनारे बैठी मिली और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण कुछ भी बताने में असमर्थ थी। पुलिस ने उसे शासकीय अस्पताल रीठी में भर्ती कराया और परिजन को सूचित किया। भाई के आने के बाद वह महिला को इलाज के लिए दिल्ली ले गया। दिल्ली में इलाज के बाद जब महिला की मानसिक स्थिति सामान्य हुई, तब उसने अपने साथ हुई आपबीती भाई को बताई। इसके बाद दिल्ली के सफदरजंग थाने में मामला दर्ज किया गया, जहां से केस डायरी कटनी जिले को भेजी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। रीठी थाने में 15 जुलाई को मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना एक माह पुरानी और आरोपी अज्ञात होने के कारण पुलिस के लिए यह मामला बेहद चुनौतीपूर्ण था। रीठी पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए जिले के करीब 800 से 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग की। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर रीठी क्षेत्र के जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर दिनेश चौधरी ने अपना वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश चौधरी को गिरफ्तार कर उसका ऑटो जब्त कर लिया है। पुलिस अब न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर इस मामले में शामिल दूसरे अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है। कार्रवाई में रीठी थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद, उप निरीक्षक दिनेश चौहान और साइबर सेल की टीम की मुख्य भूमिका रही। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई है।
कटनी में शर्मनाक वारदात: मंदिर दर्शन का झांसा देकर मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से गैंगरेप, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार


































































































Leave a Reply