बुजुर्ग से बैग छीन कर भागा बदमाश: कटनी में हुई वारदात, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

जनमत हिन्दी। कटनी शहर में बेखौफ घूम रहे बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े और सरेराह वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नदीपार स्थित जालपा मेडिकल के सामने एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अज्ञात बदमाश ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए उनका बैग झपट लिया और मौके से रफूचक्कर हो गया।
जानकारी के अनुसार राममनोहर लोहिया वार्ड निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर गुप्ता पिता हीरा लाल गुप्ता 25 जुलाई की रात करीब 11 बजे जालपा मेडिकल के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ने अचानक हमला बोला और झपट्टा मारकर उनके हाथ से काला बैग छीन लिया। पीड़ित बुजुर्ग चंद्रशेखर गुप्ता के अनुसार, छीने गए काले बैग में 10,000 नकद, 700 से 800 रुपये के सिक्के, ₹400-500 के नोट, एक डायरी (जिसमें हिसाब-किताब का कागज था), आधार कार्ड और एक रेनकोर्ट रखा हुआ था। वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 29 जुलाई को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाश की पहचान की जा सके। शहर के बीचों-बीच बुजुर्ग के साथ हुई इस वारदात के बाद स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *