कटनी कोतवाली पुलिस का बड़ा एक्शन: एक दर्जन आदतन अपराधियों की थाने में हाजिरी, चोरी-झपटमारी पर शिकंजा

जनमत हिन्दी। कटनी थाना कोतवाली क्षेत्र में चोरी, झपटमारी, लूट एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस द्वारा दिनांक 07.07.2026 की रात्रि विशेष अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पांडेय के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में निवासरत चोरी, झपटमारी एवं लूट जैसे अपराधों में पूर्व से चिन्हित एक दर्जन आदतन अपराधियों को थाना कोतवाली बुलाकर उनकी हाजिरी दर्ज कराई गई तथा उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया। सभी अपराधियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न होने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही उनका विस्तृत डोजियर तैयार कर डिजिटल रिकॉर्ड भी संधारित किया गया, ताकि उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य थाना क्षेत्र में घटित हो रही चोरी और लूट की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, विशेष रूप से रेलवे स्टेशन एवं आउटर क्षेत्रों में होने वाली मोबाइल चोरी एवं झपटमारी की वारदातों की रोकथाम करना तथा आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी बनाए रखना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उप निरीक्षक कुलदीप सिंह, चौकी प्रभारी बस स्टैंड, चौकी प्रभारी खिरहनी और थाना कोतवाली के हमराह स्टाफ की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *