जनमत हिन्दी। कटनी के एनकेजे थाना अंतर्गत खिरहनी क्षेत्र में चाकूबाजी कर दहशत फैलाने वाले तीन युवको को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवकों का उसी क्षेत्र में जुलूस भी निकाला, जहां पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। चाकू के हमले से तीन युवक घायल हुए थे, जिनमें से एक को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि चाकूबाजी की वारदात 16 अप्रैल को हुई थी। जिला अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि चाकूबाजी की घटना में घायल हुए तीन युवक इलाज के लिए भर्ती हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल अस्पताल पहुंची। अस्पताल में घायल लव उर्फ अभिषेक साहू, शिव पूजन साहू और मनोज साहू के बयान दर्ज किए गए। घायलों में मनोज साहू की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चाकू के हमले से घायल हुए लव उर्फ अभिषेक ने पुलिस को बताया कि आरोपी आर्यन दुबे, अंकित चौधरी और विक्की यादव ने उन्हें घेर लिया और अश्लील गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकुओं से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य साथियों के साथ भी मारपीट की गई। यह हमला पुरानी रंजिश और गाली-गलौज के कारण हुआ। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया था। जिसके बाद पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों के संबंधित ठिकानों में दबिश दी गई। पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी दुर्गा चौक निवासी आर्यन दुबे, अंकित चौधरी और छोटी खिरहनी निवासी विक्की यादव को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। कार्रवाई में एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र सिंह, एसआई नरेश झारिया, एएसआई मनोज कोडापे, प्रधान आरक्षक राजकुमार शर्मा, सहपाल, प्रधान आरक्षक राजकुमार शर्मा, आरिफ हुसैन, आशीष तिवारी सहित अन्य की भूमिका रही।
कटनी में चाकू से जानलेवा हमला: पुलिस ने आरोपियों को दबोचा, जहां कि थी वारदात, वहीं से निकाला जुलूस











Leave a Reply