जनमत हिन्दी। कटनी जिले में आमजन को संवेदनशील और जनोन्मुखी प्रशासन मुहैया कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्टर आशीष तिवारी विकासखंड ढीमरखेड़ा में आयोजित जिले की जनसुनवाई में पहुंचकर 70 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने यहां लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम कटरा थाना तहसील ढीमरखेडा निवासी वीरन सिंह पिता सैतान सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पेशे से मजदूरी का कार्य करता है, 11 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2 बजे ढीमरखेड़ा से मजदूरी कार्य कर अपने ग्राम कटरा जा रहा था तभी ग्राम झिन्ना पिपरिया में कार द्वारा मुझे लगी। जिससे मेरा हाथ फ्रैक्चर हो गया। मेरी आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह अपना इलाज सही तरीके से कराने में सक्षम नहीं हूं। जिस पर कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल में उनका समुचित इलाज हो जाएगा। वे अपनी सुविधानुसार जब आना हो तब ढीमरखेड़ा में अधिकारियों को बता दें। जनसुनवाई में पहुंचे ग्राम मुरवारी निवासी अजय कुमार पटेल ने कलेक्टर आशीष तिवारी को बताया कि तत्कालीन पटवारी रामनाथ बुनकर द्वारा लगातार संपर्क के बाद भी फार्मर आईडी बनाने, बटांकन, खसरा अभिलेख में सुधार कार्य नहीं किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने पटवारी की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जताते हुए हुए तहसीलदार नितिन पटेल को संबंधित पटवारी की वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर को जनसुनवाई में ग्राम खंदवारा निवासी दिव्यांग रविन्द्र सिंह ने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की आवश्यकता बताई। इस पर कलेक्टर ने दिव्यांग को अवगत कराया कि मेडिकल बोर्ड के परीक्षण के बाद 80 फीसदी से अधिक दिव्यांगता होने पर ही मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी जाती है। कलेक्टर ने उप संचालक सामाजिक न्याय को दिव्यांग का स्वास्थ्य परीक्षण कर ट्राइसाइकिल प्रदान करने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भूमि का कब्जा दिलाने की समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंची ग्राम पाली निवासी उषा बाई को अपने मामले की नायब तहसीलदार न्यायालय में अपील करने की सलाह दी। साथ ही किसी प्रकार की असुविधा या कोई दिक्कत होने पर सीधे उनके मोबाइल नंबर पर बताने और खुद उन्हें लिखकर अपना मोबाइल नंबर दिया। जनसुनवाई में एसपी अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर एसडीएम निधि सिंह गोहल, तहसीलदार द्वय नितिन पटेल और आकांक्षा चौरसिया, ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत के सीईओ बीएमओ सहित अधिकारियों की उपस्थिति रही है।
जन की सुनवाई: गांव पहुंचकर कलेक्टर ने किया ग्रामीणों से संवाद, लापरवाही पर पटवारी का वेतन रोकने के निर्देश












Leave a Reply