जनमत हिन्दी। कटनी में यूको बैंक की बरखेड़ा शाखा द्वारा ग्राहक सेवा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा समिति के अध्यक्ष और जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्य अतिथि अशोक विश्वकर्मा और बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा वीणावादिनी मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्वलित किया गया। इसके बाद यूको बैंक के अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तावना के सम्बंध में जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने यूको बैंक के अधिकारियों को इस आयोजन के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि यूको बैंक भारत का एक प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र का वाणिज्यिक बैंक है, जिसकी स्थापना 1943 में हुई थी और इसका मुख्यालय कोलकाता में है। उन्होंने आव्हान किया कि जिस तरह यहां शाखा संचालित की जा रही है, उसी तरह जिले के अन्य क्षेत्रों में भी यूको बैंक की शाखाएं संचालित की जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी यूको बैंक में खाता खोलकर न सिर्फ अपनी बचत कर सकें, बल्कि बैंक की योजनाओं का लाभ भी उठा सकें। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि कटनी औद्योगिक जिला है। यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं और सभी लोग मिलकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें तो कटनी जिला विकास की नई इबारत लिख सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश का महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन होने के साथ ही कटनी मध्यप्रदेश में दूसरे नम्बर पर राजस्व देने वाला जिला है। सभी के सहयोग से हम कटनी का विकास कर सकते हैं। बैंक के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि यूको बैंक अपने ग्राहकों को बचत, चालू, सावधि जमा, ऋण, इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और निवेश विकल्प प्रदान करता है, जिससे लोग कहीं से भी और कभी भी बैंकिंग का लाभ उठा सकें। कस्टमर मीट के दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा ग्राहकों को होम लोन, कार लोन, ओडी लोन और एमएसएमई लोन से संबंधित जानकारी दी गई। बैठक के दौरान जनपद पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष जगदीश उरमलिया, अंचल प्रबंधक अक्षय कुमार, मुख्य प्रबंधक शांति लाल सोनाथी, शाखा प्रबंधक आर्य कुमारी, पंकज खम्परिया, अनंत राय, विशाल भक्तानी, विकास गुप्ता, आनंद चतुर्वेदी, संजय होतवानी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जोनल रिसोर्सेज हेड श्री सोनार्थी द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने ग्राहकों के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
जिले में विकास की आपार सभांवनाएं: जिला पंचायत के मुख्य अतिथ्य में आयोजित की गई ग्राहक सेवा समिति की बैठक, दी योजनाओं की जानकारी












Leave a Reply