जनमत हिन्दी। जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 14 मार्च को कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बरही के विजयनाथ धाम के मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ मोहन यादव का यह पहला बरही आगमन है, लिहाजा विधायक संजय पाठक के नेतृत्व में कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां की जा रही है। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य हाल ही में कैबिनेट द्वारा स्वीकृत दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र की लगभग 50 हजार एकड़ की कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी, जिससे हर खेत को पानी का सपना साकार होगा। यह कदम स्थानीय किसानों की आर्थिक समृद्धि और कृषि उत्पादन में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा ने बरही पहुंचकर हेलीपैड, रोड शो मार्ग, और सभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्थाओं का से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और यातायात प्रबंधन के कड़े निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद विधायक और कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही के परिसर में बने हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया और आभार रैली रोड शो के मार्गों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद एसडीओपी और टीआई को यातायात व्यवस्था व्यवस्थित करने की हिदायत दी। विधायक और कलेक्टर ने बरही के बड़ा तालाब पहुंचकर यहां जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किये जाने वाले तालाब सौंदर्यीकरण कार्य के शुभारंभ स्थल का अवलोकन किया। आभार रैली रोड शो बड़ा तालाब से सुभाष चौक, अमन बुक डिपो, कमानिया गेट से होते हुए श्रीविजयनाथ धाम मंदिर स्थित सभास्थल पहुंचेगा। मुख्यमंत्री की अगवानी के लिए पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। विधायक संजय पाठक ने क्षेत्रवासियों से कहा है कि यह उत्सव किसानों की जीत का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान एक भव्य रोड शो और रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्र की जनता पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेगी। बरही चलो के नारों के साथ गांव-गांव में पीले चावल देकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
आज बरही में होगी विकास कार्यों की बरसात: कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री देंगे 242 करोड़ की सौगात, रोड शो में उमड़ेगी हजारों की भीड़










Leave a Reply