आग का गोला बनी चलती कार: ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, जलकर राख हो गया पूरा वाहन

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र में उबरा ग्राम के पास महानदी पुल पर एक चलती पिकअप वैन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप वाहन पुल से गुजर रहा था, तभी उसके इंजन से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि आग की लपटें तेज होते ही चालक और अन्य सवार लोग समय रहते वाहन से कूद गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुल पर जलते वाहन के कारण दोनों ओर का यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने की सूचना तत्काल बरही नगर परिषद के दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंची। उनका कहना था कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो शायद वाहन को पूरी तरह जलने से बचाया जा सकता था। घटना की सूचना मिलने पर बरही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *