जनमत हिन्दी। रीवा से भोपाल जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कटनी रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होते ही आउटर पर एक नकाबपोश बदमाश ने फिल्मी अंदाज में लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ने उस समय हाथ साफ किया जब एक महिला यात्री अपने पर्स को सिर के नीचे रखकर सो रही थी।इस सनसनीखेज वारदात से ट्रेन में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। जानकारी के अनुसार रीवा जिले के ढेकहा निवासी रामदत्त पाठक 9 जून की रात अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गाड़ी संख्या 22146 साप्ताहिक रीवा-भोपाल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। वे कोच नंबर 5 की बर्थ नंबर 65-68 पर सवार थे। रात के वक्त जब ट्रेन कटनी स्टेशन से आगे बढ़ी और आउटर पर पहुंची, तभी रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर चेहरे पर कपड़ा बांधे एक नकाबपोश बदमाश ट्रेन के कोच में दाखिल हुआ। बदमाश सीधे महिला यात्री की बर्थ के पास पहुंचा। महिला उस वक्त गहरी नींद में थी और उसने अपना पर्स सिर के नीचे दबा रखा था। नकाबपोश ने झटके से महिला के सिर के नीचे से पर्स खींचा और भागने लगा। पर्स खिंचते ही महिला की आंख खुल गई और उन्होंने शोर मचाया। जब तक पति और बाकी यात्री कुछ समझ पाते और उसे पकड़ते, शातिर बदमाश पलक झपकते ही चलती ट्रेन से नीचे कूदकर अंधेरे में गायब हो गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी गए पर्स में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। पर्स में तीन तोला सोने का हार, एक तोला का सोने का मंगलसूत्र, 6 सोने की अंगूठियां, सोने की कान की बाली एक कीमती मोबाइल फोन और 15 हजार रूपए नकद रखे हुए थे। वारदात के तत्काल बाद सहमे यात्रियों ने नकाबपोश को पकड़ने के लिए कोच के अंदर शोर मचाते हुए चेन पुलिंग भी की, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर भाग गया था। घटना की सूचना तत्काल जीआरपी को दी गई, जिससे रेल अधिकारियों और सुरक्षा अमले में हड़कंप मच गया। चूंकि ट्रेन कटनी से आगे बढ़ गई थी, इसलिए ट्रेन के जबलपुर पहुंचते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और पीड़ित यात्री की शिकायत पर जीरो पर मामला दर्ज किया। अब मामले की डायरी आगे की तफ्तीश के लिए कटनी जीआरपी को भेज दी गई है। कटनी जीआरपी अब घटना के समय के स्टेशन और आउटर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही ट्रेन के विभिन्न कोचों में मौजूद यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि यह किसी शातिर अंतरराज्यीय या स्थानीय गिरोह का काम हो सकता है, जो आउटर पर ट्रेन धीमी होने का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाता है। इस घटना के बाद से रात के सफर को लेकर यात्रियों में भय का माहौल है।
चलती ट्रेन से यात्री का बैग लेकर भागा बदमाश: कटनी रेलवे स्टेशन आउटर में हुई वारदात, यात्री सुरक्षा पर उठ रहे सवाल



































































































Leave a Reply