जनमत हिन्दी। शिक्षा के साथ क्षमता विकास के विजन को धरातल पर उतारते हुए नगर निगम द्वारा आयोजित 11 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर-2026 का प्रतिभा सम्मान और समापन समारोह कटनी महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के मुख्य आतिथ्य और निगम जनप्रतिनिधियों सहित निगमायुक्त तपस्या परिहार की विशेष मौजूदगी में स्वामी विवेकानंद सभागार बस स्टैंड में उल्लासपूर्ण माहौल के बीच आयोजित किया गया। नगर निगम के तीनों स्कूलों में 5 से 15 जून तक चले इस सृजनात्मक महायज्ञ में 299 विद्यार्थियों ने खेल, कला, संस्कृति और जीवन-कौशल के विविध आयामों को आत्मसात कर अवकाश को आत्मविश्वास में बदलने का जीवंत प्रमाण प्रस्तुत किया। ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ, जो इस बात का प्रतीक था कि हर सृजन की शुरुआत ज्ञान के प्रकाश से होती है। कार्यक्रम में शिविर की 11 दिवसीय यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें प्रशिक्षण सत्रों से लेकर बच्चों की मुस्कानों तक का सफर सजीव हो उठा। सभागार में विद्यार्थियों द्वारा तैयार विभिन्न तरह के व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए। अतिथियों ने तरह तरह की रेसिपी चख कर मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर नहीं, बच्चों की कल्पना का उत्सव है। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की रंगारंग मंचीय प्रस्तुति रहीं। स्केटिंग करते बच्चों की फुर्ती, आत्मरक्षा के दांव सीख चुकीं बालिकाओं का आत्मविश्वास, तबला-हारमोनियम, की जुगलबंदी, सुरीले गायन, वेस्टर्न डांस की ऊर्जा और कथक की भाव-भंगिमाओं ने पूरे सभागार को तालियों से गुंजायमान कर दिया। यह सिद्ध हो गया कि 11 दिवस का प्रशिक्षण यदि समर्पित हो, तो मंच पर प्रतिभा स्वयं बोलती है। प्रत्येक प्रस्तुति के पीछे 20 अनुभवी मास्टर ट्रेनर्स का परिश्रम और निगमायुक्त तपस्या परिहार के नेतृत्व में टीम का नियोजन स्पष्ट दिखाई दिया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविरों की 11 दिनों की यह यादगार यात्रा यहीं समाप्त नहीं हुई, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में सृजन के नए सत्र का शुभारंभ हुआ है। ये शिविर डिग्रियां नहीं बांटते, दिशा देते हैं। यहां बच्चे अंक नहीं, आत्मविश्वास कमाते हैं। उन्होंने छात्रों और प्रशिक्षकों को इस भव्य आयोजन में सहयोग प्रदान करने हेतु बधाई देते हुए कहा कि यही भावी भविष्य के राष्ट्रनिर्माता है। महापौर ने छात्रों को शिविर के माध्यम से सीखी कला की प्रैक्टिस करने, स्कूल एवं घर में साफ सफाई बनाए रखने, पानी की बचत करने की सीख देते हुए स्कूलों की सुविधाओं में विस्तार किए जाने की भी बात कही। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही तीनों केंद्रों के 20 मास्टर ट्रेनर्स को मंच पर आमंत्रित कर उनके योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त की जाकर मोमेंटम प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तैयार वार्षिक एकेडमिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया, जिसमें पूरे वर्ष की गतिविधियों एवं सीख को संकलित किया गया है – यह नवाचार बच्चों में योजना और निरंतरता का बीजारोपण करेगा। प्रतिभागियों ने मंच से अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिविर ने हमें दोस्त दिए, हुनर दिया और सबसे बड़ी बात – खुद पर विश्वास दिया। नगर निगम कटनी का यह नवाचार नई शिक्षा नीति के उस मूल मंत्र को साकार करता है। कार्यक्रम के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेन्द्र अहिरवार, पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव, सीमा श्रीवास्तव , शकुंतला सोनी, रेखा संजय तिवारी, सुखदेव चौधरी सहित अन्य की मौजूदगी रही।
प्रतिभा सम्मान के साथ शिविर का समापन: स्केटिंग, कथक, संगीत और आत्मरक्षा की प्रस्तुतियों ने जीता दिल, नगर निगम का नवाचार बना मिसाल



































































































Leave a Reply