जनमत हिन्दी। कटनी जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सोमवार को संयुक्त जांच दल ने औचक निरीक्षण कर माधवनगर गेट क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे गए 22 गैस सिलेंडरों को जब्त किया। संयुक्त जांच दल को माधवनगर गेट के समीप स्थित सूरज बालानी के मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारित किए जाने की सूचना मिलने पर जांच दल ने उनके परिसर में संचालित दो दुकानों की जांच की। जांच के दौरान परिसर में 22 घरेलू गैस सिलेंडर अनाधिकृत रूप से भंडारित पाए गए। कार्रवाई के दौरान विभिन्न गैस कंपनियों के सिलेंडर जब्त किए गए। जिनमें एचपीसीएल के 5 भरे और 1 खाली सिलेंडर, आईओसीएल के 6 खाली सिलेंडर और बीपीसीएल के 10 खाली सिलेंडर शामिल हैं। जांच के दौरान सूरज बालानी ने बताया कि वे घर से ही इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटे के माध्यम से सिलेंडरों में गैस तौलकर अन्य लोगों को देते थे। इस पर सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष कुमार शुक्ल द्वारा मौके से 22 घरेलू गैस सिलेंडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा जब्त किया गया। सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर जब्त सामग्री को अशोक गैस एजेंसी के संचालक संदीप यादव की सुपुर्दगी में रखा गया है। सहायक आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि सूरज बालानी के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस संयुक्त जांच दल में नायब तहसीलदार संदीप सिंह, सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष कुमार शुक्ल, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी शामिल रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गौरतलब है कि अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से गैस सिलेंडरों की किल्लत शुरू हो गई थी। हालांकि जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में घरेल गैस सिलेंडर का भंडारण है। जिला प्रशासन के इन दावों के बीच गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ता लंबी कतार देखी जा सकती है। गैस सिलेंडर के संकट के बीच अचानक ईकेवाएसी का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। बगैर ई केवाएसी के गैस सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे। एजेंसी संचालकों ने गैस सिलेंडरों के संकट के बीच आपदा में अवसर का खेल शुरू कर दिया है। कार्मशियल सिलेंडर नहीं मिलने से कई होटलों, रेस्टारेंट के बंद होने का खतरा बढ़ गया है।
गैस की कालाबाजारी पर सख्ती: कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, संयुक्त जांच टीम ने मारा छापा










Leave a Reply