कटनी में ‘सेफ क्लिक 2.0’ की शुरुआत: एसपी ने दिखाई हरी झंडी, सभी को जागरूक करेगा साइबर सुरक्षा रथ

जनमत हिन्दी। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में 24 जून से 8 जुलाई तक प्रदेशव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2.0 संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में कटनी जिले में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम परिसर से साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह रथ आगामी 15 दिनों तक जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देगा और जागरूकता संबंधी पम्पलेट, प्रचार सामग्री बांटेंगे। अभियान के दौरान जिलेभर में साइबर सुरक्षा कार्यशालाएं, जनसंवाद, जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, लघु फिल्म प्रदर्शन, विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पुलिस थानों, चौकियों और सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा संबंधी बैनर-पोस्टर प्रदर्शित कर आमजन को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, मैसेज या ऑनलाइन लेन-देन के प्रति सतर्क रहें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इस अवसर पर एएसपी कमल मौर्य, सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *