जनमत हिन्दी। कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र में चाकू की नोंक पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम, वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और बिना नंबर की बर्गमैन स्कूटी बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद तीनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह जबलपुर भेज दिया गया।थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने बताया कि पन्ना जिले के सुडौरा गांव निवासी दुर्गेश चौधरी 19 जुलाई की रात अपनी भाभी और छह माह की भतीजी को हैदराबाद जाने वाली बस में बैठाने के लिए ऑटो से शिवम ढाबा बायपास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चाका ब्रिज के आगे हाईवे पर बिना नंबर की स्कूटी से पहुंचे तीन युवकों ने ऑटो रुकवा लिया। बताया गया कि आरोपियों ने चाकू दिखाकर दुर्गेश, उनकी भाभी और ऑटो चालक को धमकाया और दुर्गेश से छह हजार रुपये और चालक से तीन सौ रुपये छीन लिए। घटना के दौरान फरियादी ने आरोपियों के हाथों पर बने टैटू और अन्य हुलिए को ध्यान से देखा, जो बाद में पुलिस जांच में अहम सुराग साबित हुआ। वारदात की जानकारी मिलते ही कुठला पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और पारंपरिक तरीकों से जांच करते हुए कुछ ही घंटों में तीनों नाबालिगों को अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम, दो चाकू और घटना में इस्तेमाल की गई बर्गमैन स्कूटी जब्त कर ली है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, अजीत मिश्रा, सुनील पाण्डेय, ताहिर खान और राहुल मिश्रा सहित आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, हर्षल मिश्रा, अभय यादव, करण सिंह, विजय प्रजापति मनोज राजपूत की भूमिका रही।
कटनी में चाकू की नोक पर लूट: तीन गिरफ्तार आरोपी गिरफ्तार, रुपए बरामद, चाकू जब्त
































































































Leave a Reply