महापौर ने दी विकास की सौगात: हर वार्ड का हो रहा संतुलित और योजनाबद्ध विकास, वार्डवासियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जनमत हिन्दी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर के श्री रामजानकीहनुमान वार्ड क्रमांक 18 एवं शिवाजी वार्ड में लगभग 76.50 लाख की लागत से विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रागिनी मनोज गुप्ता और श्रीमती प्रभा गुप्ता सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से दोनों वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। भूमिपूजन कार्यक्रम के अंतर्गत श्री रामजानकीहनुमान वार्ड क्रमांक 18 में प्रेमनगर के पास लगभग 14.11 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण एवं 13 लाख की लागत से आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं शिवाजी वार्ड में राधा रम्यानी कॉलोनी में लगभग 49.39 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, सुरक्षित आवागमन, सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक भवन और बच्चों, महिलाओं के लिए सुसज्जित आंगनवाड़ी भवन की सुविधा प्राप्त होगी। इन कार्यों से दोनों वार्डों के अधोसंरचनात्मक विकास को मजबूती मिलेगी और नागरिकों के दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता आधारित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है। सड़क, नाली,सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार इसी सोच का हिस्सा है, ताकि नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास प्रत्येक वार्ड का संतुलित, समावेशी और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रागिनी मनोज गुप्ता और श्रीमती प्रभा गुप्ता ने वार्डों में विकास कार्यों के शुभारंभ पर महापौर और नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से अपेक्षित सुविधाएं प्राप्त होंगी और दोनों वार्डों के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में मेयर-इन-काउंसिल सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू,सुरेंद्र गुप्ता पार्षद सीमा श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता सहित स्थानीय नागरिकों में पिंकी चौधरी, लक्ष्मी रैदास, सुदर्शन पटेल, सरोज पटेल, रामकृपाल सूर्यवंशी, गीता चौधरी, राजकुमारी चौधरी, दीपा गुप्ता, रुक्मणी ठाकुर, मीनाक्षी आशीष पाली सहित अन्य जनों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *