दो लाख की शराब जब्त: पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार दो आरोपियों को दबोचा, कुठला पुलिस ने की कार्रवाई

जनमत हिन्दी। कटनी की कुठला पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से देशी शराब जब्त की है। इस मामले में जबलपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त की गई शराब और कार की कीमत लगभग सात लाख रुपए है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम इंद्रानगर पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से शाहनगर की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार की सूचना मिली। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे अनी नदी पुल के पास घेर लिया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसके भीतर से 40 कार्टून में रखी कुल 2,000 पाव अवैध प्लेन देशी सफेद शराब बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान जबलपुर जिले के गोसलपुर निवासी सौरभ सोमकुवर (32) और रांझी निवासी शिवबहादुर सोनी (28) के रूप में की गई है। पुलिस ने करीब 2 लाख रुपए की 40 पेटी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 5 लाख रुपए की बलेनो कार को जब्त कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में कुठला थाना पुलिस के स्टाफ की मुख्य भूमिका रही। कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी अखलेश दाहिया, सहायक उपनिरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, ताहिर खान, आरक्षक मनोज राजपूत, विजय राणा सहित अन्य अन्य स्टॉफ की भूमिका रही है। पूरी कार्रवाई एसपी के निर्देशन, एएसपी और सीएसपी के मार्गदर्शन में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *