मोबाइल छोड़िए, सड़क पर ध्यान दीजिए: पुलिस की तीसरी आंख ने पकड़े लापरवाह चालक, वसूला 1 लाख 56 हजार का जुर्माना

जनमत हिन्दी। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते वाहन चालक पुलिस की तीसरी आंख में कैद हो गए हैं। जिसके बाद कटनी यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई हैै। यातायात पुलिस ने जनवरी से अब तक 312 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए एक लाख 56 हजार रूपए का जुर्माना वसूल किया है। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग चालक की एकाग्रता को भंग कर देता है। चालक का ध्यान कुछ क्षण के लिए भी सड़क से हटने पर दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। यही कारण है कि मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करना दंडनीय अपराध है। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले, सिग्नल जंप करने वाले, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, ट्रिपल सवारी करने वाले और अन्य नियम उल्लंघनकर्ताओं की गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड हो रही हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी वाहन चालकों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसलिए यह समझना गलत होगा कि यदि मौके पर पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दे रहा है तो नियम उल्लंघन दर्ज नहीं होगा। कटनी यातायात पुलिस की तीसरी आंख हर समय सक्रिय है। यातायात पुलिस द्वारा 1 जनवरी 2026 से 30 मई 2026 की अवधि में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करते पाए गए 312 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। 1 लाख 56 हजार का जुर्माना वसूला है। इसके अलावा यातायात पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल सवारी, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, नो पार्किंग और सिग्नल जंप जैसे नियम उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालको को जागरूक भी किया जा रहा है। यातायात पुलिस ने कहा है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करें। आवश्यक कॉल आने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर ही बात करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें। सिग्नल, लेन और पार्किंग नियमों का पालन करें। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। यातायात पुलिस ने कहा कि मोबाइल पर आया संदेश कुछ देर इंतजार कर सकता है, लेकिन सड़क पर आपकी एक गलती किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। वाहन चालकों से कहा गया है कि वे नियमों का पालन कर सुरक्षित तरीके से वाहन को चलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *