जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने अतिक्रमण दल के एक कर्मचारी के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरूवार को विराध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने लगभग दो घंटे तक काम बंद रखा और सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नगर निगम कर्मचारी संघ ने प्रशासन को शुक्रवार सुबह 10 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो नगर निगम कार्यालय का मुख्य द्वार नहीं खोला जाएगा और आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई। मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है। आपको बतादें कि नगर निगम के कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कार्यालय में घुसकर की गई मारपीट से नाराज नगर निगम के सभी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मी लगातार विरोध कर रहे हैं, इससे पहले 15 जून को नगर निगम के कर्मचारियों ने कोतवाली थाने का घेराव किया था। घेराव के दौरान कर्मचारी संघ ने एसपी के नाम डीएसपी रत्नेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें आरोपियों की गिरफ्तारी मांग की गई थी। कर्मचारियों ने बताया था कि 12 जून की रात लगभग साढ़े 8 बजे कुछ अराजक तत्वों ने ड्यूटी पर तैनात नगर निगम कर्मियों के साथ कार्यालय में घुसकर न सिर्फ गाली-गलौज और अभद्रता की और बेरहमी से मारपीट भी की। इस हमले के बाद से ही नगर निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारी संघ ने पुलिस प्रशासन चेतावनी दी थी कि आरोपियों की 24 घंटे अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो शहर में में सफाई, पानी जैसी तमाम जरूरी सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी।
विरोध प्रदर्शन के दो दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर गुरूवार को एक बार फिर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा गया है कि शुक्रवार सुबह तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो फिर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मामले में पुलिस टीम लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है, पुलिस आरोपियों गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
नगर निगम कर्मियों का अल्टीमेटम: चक्काजाम कर जताया विरोध, शुक्रवार सुबह 10 बजे तक गिरफ्तारी नहीं तो उग्र आंदोलन



































































































Leave a Reply