कर्मचारियों ने किया कोतवाली का घेराव: 24 घंटे का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं हुई तो ठप होंगी सफाई-पानी कि सेवाएं

जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम के कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कार्यालय में घुसकर की गई मारपीट से नाराज नगर निगम के सभी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मी सोमवार को लामबंद होकर कोतवाली थाने पहुंच गए। कर्मचारियों ने कोतवाली का घेराव करते हुए एसपी के नाम डीएसपी रत्नेश मिश्रा को एक लिखित ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। नगर निगम के कर्मचारी नेता जागेश्वर पाठक ने बताया कि यह पूरा मामला नगर पालिक निगम की अतिक्रमण शाखा से जुड़ा हुआ है। 12 जून की रात लगभग साढ़े 8 बजे कुछ अराजक तत्वों ने ड्यूटी पर तैनात नगर निगम कर्मियों के साथ कार्यालय में घुसकर न सिर्फ गाली-गलौज और अभद्रता की और बेरहमी से मारपीट भी की। इस हमले के बाद से ही निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारी संघ ने पुलिस प्रशासन को दिए ज्ञापन में बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि शहर के विकास और आम जनता को मूलभूत सुविधाएं देने वाले कर्मचारियों पर हाथ उठाने वाले गुंडों पर सख्त से सख्त आपराधिक धाराएं दर्ज होनी चाहिए। जागेश्वर पाठक ने कहा कि अगले 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो नगर पालिक निगम कर्मचारी संघ इकाई कटनी उग्र आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत पूरे निगम सीमा क्षेत्र में सफाई, पानी जैसी तमाम जरूरी सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *