जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम के एक कर्मचारी से कार्यालय में घुसकर मारपीट के विरोध में शुक्रवार को नगर निगम कर्मचारी संघ ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने निगम कार्यालय के सामने मिशन चौक और स्टेशन मार्ग को जाम कर दिया। इस चक्काजाम के कारण शहर की रफ्तार करीब एक घंटे तक थमी रही, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 12 जून 2026 की रात लगभग साढ़े 8 बजे हुई थी। नगर पालिक निगम कटनी की अपराह्न अभिकरण शाखा से जुड़े ड्यूटी पर तैनात निगम कर्मियों के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट की थी। इस घटना के बाद से ही निगम कर्मचारियों में असंतोष था। आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर काम बंद कर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान मिशन चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लगने के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल रूट डायवर्ट कर मुड़वारा स्टेशन मार्ग से ट्रैफिक निकाला। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लगभग एक घंटे बाद जाम खोल दिया गया।
कर्मचारियों ने किया चक्काजाम: एक घंटे तक थमी रही शहर की रफ्तार, कार्यालय में घुसकर मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग



































































































Leave a Reply