भक्ति और सेवा से सजा जन्मोत्सव: भंडारा, सुंदरकांड और सेवा कार्यों के बीच मनाया गया विधायक गोपाल भार्गव का जन्मदिन

जनमत हिन्दी। कटनी प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और विधायक गोपाल भार्गव के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा, सामाजिक सरोकार और धार्मिक आस्था से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दिनभर चले आयोजनों में बड़ी संख्या में नागरिकों, यात्रियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए विधायक गोपाल भार्गव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।  कटनी बस ऑपरेटर एसोसिएशन के तत्वावधान में प्रियदर्शिनी बस स्टैंड स्थित विजय ऑटो परिसर में दोपहर 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में शहर के नागरिकों, बस यात्रियों, श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों ने बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण किया। इसी अवसर पर जिला अस्पताल में सामाजिक कार्यकर्ता शुभ प्रकाश मिश्र और कुशल प्रकाश मिश्र द्वारा भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। उन्होंने मरीजों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए सेवा कार्य को जन्मदिवस मनाने का सबसे सार्थक माध्यम बताया। फल वितरण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने इस मानवीय पहल की सराहना की। जन्मदिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय विजय मेमोरियल हॉस्पिटल में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में 196 मरीजों की आंखों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई। परीक्षण के बाद जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में शाम 8 बजे पहरुआ स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्रीरामचरितमानस के पावन सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्रीराम और हनुमानजी की आराधना की। सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर शहर के प्रथम महापौर विजेंद्र मिश्र राजा भैया ने पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विधायक गोपाल भार्गव जनसेवा के प्रति समर्पित, सरल, संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी हैं। वर्षों के राजनीतिक अनुभव और विकासोन्मुखी सोच के बल पर उन्होंने क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।उनका जीवन में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना का प्रेरणास्रोत है।     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *