जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के विलायत कला ग्राम में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर दो ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। ट्रक चालक को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर निवासी ट्रक चालक शिवम सिंह अपने ट्रक में सामग्री लोड कर उमरिया से कटनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान विलायत कला गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सामने से कटनी की ओर से आ रहे एक ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचक गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। टक्कर के कारण चालक शिवम सिंह ट्रक के केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया, जिससे उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया। मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद लहूलुहान चालक को केबिन से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस का इंतजार करने में समय गंवाने के बजाय तत्काल एक निजी वाहन की व्यवस्था की और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल चालक का अत्यधिक खून बहना रोकने के लिए प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हाथ कटने और भारी रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे में दूसरे ट्रक का चालक और क्लीनर भी घायल हो गए हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया और मामला दर्ज किया है।
कटनी में हाईवे पर भीषण हादसा: दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक का हाथ शरीर से अलग



































































































Leave a Reply