जनमत हिन्दी। कटनी। कुठला थाना परिसर में शुक्रवार को खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दलपत पटेल की मौत के बाद शनिवार दोपहर इलाके में तनाव बढ़ गया। दलपत पटेल का शव जबलपुर से कटनी पहुंचते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंदिरा नगर के मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मारपीट में शामिल पुलिसकर्मियों के निलंबन और कार्रवाई की मांग कर रहे थे।चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थानों की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।मृतक की बेटी रेशमा पटेल ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी मां के साथ थाने में मारपीट की और उनके पिता को भी लगातार परेशान किया जा रहा था। रेशमा पटेल के अनुसार, पुलिस के दबाव से परेशान होकर ही उनके पिता ने यह कदम उठाया। उन्होंने मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि सपोर्ट दलपत पटेल का बेटा मोहित पटेल चोरी के एक मामले में जेल में बंद है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की जांच के दौरान मोहित की मां के शामिल होने के भी कुछ सबूत मिले थे। पुलिस ने महिला को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पुलिस का कहना था कि सबूतों के आधार पर महिला को सह-आरोपी बनाया जा सकता था।वहीं, परिजनों का दावा है कि पुलिस जांच के नाम पर उन्हें परेशान कर रही थी। अपनी पत्नी के खिलाफ संभावित कानूनी कार्रवाई और थाने में हुए दुर्व्यवहार से आक्रोशित होकर दलपत पटेल थाने पहुंचा था, जहां उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी।घटना के बाद थाने के बाहर परिजनों और ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। दोपहर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शाम साढ़े पांच बजे अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि भी दी गई, जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।प्रदर्शन के दौरान मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

































































































Leave a Reply