अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा: 118 वारंटियों पर कार्रवाई, 48 गुंडों के घर पहुंची टीम

जनमत हिन्दी। अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाए गए अभियान में 23 स्थाई वारंटी और 66 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार किए गए, जबकि 29 जमानती वारंट, 29 समंस तामील कराए गए। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 118 वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 48 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। वहीं 40 निगरानीशुदा बदमाशों के ठिकानों पर आकस्मिक दबिश दी गई। 11 जिलाबदर एवं आदतन अपराधियों का भी सत्यापन कर उनके द्वारा निर्धारित शर्तों के पालन की जांच की गई। अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के 16 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा जुआ खेलने वालों के खिलाफ जुआ एक्ट के 5 प्रकरण बनाए गए। 7 व्यक्तियों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। शांति भंग की आशंका वाले 11 व्यक्तियों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। लोक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 75 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत 68 प्रकरण दर्ज किए गए। बार-बार लोक शांति भंग करने वाले 17 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 129 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। रात्रिकालीन गश्त के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित संवेदनशील स्थानों पर आने-जाने वाले 39 मुसाफिरों का सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों ने 19 होटल, ढाबों और सराय की चेकिंग की और विभिन्न थाना क्षेत्रों में 12 बैंकों के एटीएम भी जांचे। कॉम्बिंग गश्त के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 10 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने अभियान को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।पुलिस ने नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि, अवैध शराब, फरार अपराधी अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल निकटतम थाना, कंट्रोल रूम 7049140924 पर दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के इस अभियान से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *