जनमत हिन्दी। कटनी जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर मझगवां और बड़वारा के बीच आवारा मवेशियों का जमावड़ा सड़क हादसों का कारण बन रहा है। तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से लगातार मवेशियों की मौत हो रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि घटनाओं के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।हाल ही में सामने आए एक वीडियो में राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच दर्जनों गायों का जमावड़ा दिखाई दे रहा है। सड़क पर बैठे मवेशी दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बने हुए हैं।अधिकांशत: यात्रा करने वाले मुसाफिरों ने बताया कि बताया कि वे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं और अक्सर सड़क किनारे मवेशियों के शव पड़े मिलते हैं। उनके अनुसार, मवेशियों के अचानक सड़क पर आ जाने से राहगीरों की जान को भी खतरा रहता है। उन्होंने विभाग से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की।वहीं कुछ बाइक सवारों ने बताया कि सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण न सिर्फ पशुओं की मौत हो रही है, बल्कि इंसानों की जान भी जा रही है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।इस मार्ग पर मवेशियों से जुड़े हादसों के कई मामले सामने आए हैं। टोल प्लाजा के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच गायों की मौके पर ही मौत हो गई।पठरा गांव के पास अचानक सड़क पर आई गाय से बाइक टकरा गई। हादसे में सुजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गाय की मौत हो गई।जगतपुर उमरिया बाईपास पर अनियंत्रित कार ने मवेशियों को चपेट में ले लिया। हादसे में दो गायों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।वहीं, छघरा के पास सड़क पर बैठी गाय को बचाने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।राजमार्गों पर मवेशियों के जमावड़े को लेकर सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं। इन निर्देशों के तहत, एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन को राजमार्गों से पशुओं को हटाने के लिए विशेष गश्ती दल तैनात करने होते हैं। हालांकि, स्थानीय स्तर पर इन निर्देशों का पालन होता नहीं दिख रहा है।स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन तथा एनएचएआई से राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर गश्ती वाहनों की संख्या बढ़ाने और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग की है, ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके।
नेशनल हाइवे में मवेशियों का जमावड़ा: लगातार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार उदासीन, कार्रवाई की मांग



































































































Leave a Reply