जनमत हिन्दी। कटनी शहर के चिकित्सक डॉ राकेश रंजन और उनकी पत्नी अनीता रंजन की पहचान का गलत इस्तेमाल करने कर मरीजों को भ्रमित करने का मामला सामने आया है। इस मामलेें डॉक्टर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। डॉ राकेश रंजन ने एसपी को सौंपी शिकायत में आरोपी लगाया है कि उनकी अनुमति के बिना गूगल, लाइब्रेट, जस्टडायल और इंस्टाग्राम पर उनके प्रोफाइल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन प्लेटफॉर्म्स पर उन्हें कटनी के मां दुर्गा अस्पताल से जुड़ा हुआ दिखाकर 1000 रुपए परामर्श शुल्क दर्ज किया गया है, जबकि उनका इस अस्पताल से कोई संबंध नहीं है। डॉ रंजन ने आशंका जताई है कि फर्जी प्रचार से मरीजों में गलत संदेश जा रहा है। यदि भविष्य में संबंधित अस्पताल में किसी मरीज के साथ कोई चिकित्सकीय लापरवाही या अनहोनी होती है, तो इसका सीधा असर उनकी सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा पर पड़ेगा। डॉ रंजन की पत्नी अनीता रंजन ने भी एसपी को अलग से शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल नंबर और पहचान का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर मां दुर्गा अस्पताल से उनका जुड़ाव दिखाया जा रहा है, जो पूरी तरह से गलत है। पीड़ित दंपती ने शिकायत के साथ सोशल मीडिया और वेबसाइटों से जुटाए गए स्क्रीनशॉट और डिजिटल साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं। उन्होंने इस फर्जीवाड़े में शामिल लोगों और संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉक्टर की पहचान का गलत इस्तेमाल: मरीजों को भ्रमित करने का आरोप, गूगल से इंस्टाग्राम तक दुरुपयोग


































































































Leave a Reply