जनमत हिन्दी। चालीहा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी की महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कटाए घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि चालीहा पर्व आस्था और श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है।
पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घाट पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाट परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, कचरे का तत्काल उठाव कराने तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रकाश व्यवस्था की जांच कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था करने के लिए भी कहा, जिससे पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नदियां हमारे लिए जीवनदायिनी हैं। इन्हें स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि घाट और नदी में किसी भी प्रकार का कचरा नहीं डालें। स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार हमारी आस्था और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं, इसलिए धार्मिक स्थलों और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी है। नगर निगम द्वारा पर्व को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुमन राजू माखीजा, पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव, पूर्व पार्षद राजकुमार माखीजा सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
चालीहा पर्व पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब: कटाए घाट का महापौर ने किया निरीक्षण, सफाई से रोशनी तक चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश


































































































Leave a Reply