कटनी में चोरी के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार: विजयराघवगढ़ पुलिस ने दबोचा, 12 लाख का चोरी का सामान बरामद

जनमत हिन्दी। कटनी जिले की विजयराघवगढ़ पुलिस ने मंदिरों और सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सोने-चांदी के आभूषण, पूजा सामग्री और चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 12 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपी राजा उर्फ मोहन साहू और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू, एक नाबालिग युवक और उसके साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदातें करते थे। गिरोह कार से निकलता था, जहां दो सदस्य ताला तोड़कर चोरी करते थे और दो बाहर निगरानी रखते थे। इस गिरोह ने 24-25 जुलाई 2026 की रात विजयराघवगढ़ स्थित प्रसिद्ध माता शारदा मंदिर से चांदी का मुकुट, छत्र, सोने का लॉकेट और दानपेटी से नकदी चुराई थी। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपी सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए थे। 19 अगस्त को मैहर में माल बेचने जाते समय पुलिस ने घेराबंदी कर दंपत्ति को धर दबोचा। आरोपियों ने कटनी, सतना, दमोह और सिवनी जिले के 9 मंदिरों व सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी राजा साहू पर पूर्व से 36 और उसकी पत्नी पर 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार दंपत्ति को जेल भेज दिया है, जबकि अन्य सहयोगियों पर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एसआई रामकुमार झारिया, एसआई शैलेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक नेहा सिंह, आरक्षक पप्पु प्रजापति, मज्जू कोल की भूमिका रही। पूरी कार्रवाई एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी कमल मोर्य और एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *